रेल किराया बढ़ोत्तरी से ट्रेनों में प्रतिदिन सफर करने वाले नौकरी पेशा लोगों की जेब कटेगी। एमएसटी लेने के लिए अब उन्हें दो से तीन गुना तक पैसा खर्च करना पड़ेगा। अब प्रतिदिन टिकट लेने वाले और एमएसटी लेने वालों को बराबर पैसा खर्च करना पड़ेगा।
मासिक पास लेने वालों को भी इसमें राहत नहीं मिलेगी। रेलवे की नई किराया सारणी से पता चलता है कि किलोमीटर के हिसाब से कई स्टेशनों की एमएसटी का किराया तीन से चार गुणा तक बढ़ गया है।
उधर, मालभाड़ा बढ़ जाने का असर गृहस्थी पर भी पड़ेगा। इससे ट्रेनों में ढुलाई की जाने वाली वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाएंगे। इसका सीधा असर लोगों के बजट पर पड़ेगा।
रेलवे ने मंगलवार को नए किराए की सूची सभी स्टेशनों के लिए जारी कर दी। मंगलवार रात 12 बजे से कंप्यूटर में भी नई किराया सूची अपडेट कर दी गई। बुधवार सुबह से टिकट लेने वाले रेल यात्रियों को नई दरों पर टिकट खरीदना पड़ेगा।
अनारक्षित टिकट पर बढ़े किराए का असर भले कम दिखे, लेकिन नौकरी के लिए ट्रेनों से सफर कर प्रतिदिन मेरठ, हापुड़, खुर्जा, अलीगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को एमएसटी खरीदने के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
एमएसटी का किराया अनारक्षित टिकट किराया
किमी पुराना रेट नया रेट पुराना रेट नया रेट
1-15 85 150 5 5
16-20 85 300 5 10
21-40 160 300 10 10
41-45 160 450 10 15
46-65 235 450 15 15
66-70 235 600 15 20
71-80 310 600 20 20
81-100 310 750 20 25
दिल्ली जाने वालों किराया पुराना, एमएसटी महंगी
रेलवे ने 15 किलोमीटर के भीतर आने वाले स्टेशनों का किराया नहीं बढ़ाया। गाजियाबाद से साहिबाबाद, आनंद विहार, पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली जाने वालों के लिए यह राहत भरी खबर है।
गाजियाबाद से नई दिल्ली का किराया पहले भी 10 रुपये था और 25 जून के बाद भी 10 रुपये ही रहेगा। गाजियाबाद से शाहदरा तक यात्रियों को पहले की तरह ही 5 रुपये देने होंगे। हालांकि गाजियाबाद-दिल्ली के बीच एमएसटी से चलने वालों को अब 85 की जगह 150 रुपये चुकाने होंगे।
गाजियाबाद से प्रमुख स्टेशनों तक नया किराया
पुरानी दिल्ली 5
नई दिल्ली 10
मेरठ 15
मोदीनगर 10
मुरादनगर 10
हापुड़ 10
पलवल 25
मुजफ्फरनगर 30
फरीदाबाद 15
हजरत निजामुद्दीन 10
नोट: उक्त किराया पैसेंजर ट्रेनों का है। (किराया रुपये में)