दिवंगत पत्रकार विक्रम जोशी के परिवार से मिलने पहुंचे सांसद वीके सिंह
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद के सासंद वीके सिंह गुरुवार को दिवंगत पत्रकार विक्रम जोशी के परिजनों से मिलने पहुंचे। वीके सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। उन्होंने मृतक के परिजनों से कहा कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिवंगत पत्रकार विक्रम जोशी की बड़ी बहन ने सांसद वीके सिंह से दोषियों पर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई। साथ ही उन्होंने सहायता राशि बढ़ाने की मांग भी की।
बता दें कि विक्रम जोशी को गाजियाबाद के विजय नगर इलाके में 20 जुलाई को उस समय गोली मार दी गई जब वह अपनी दोनों बेटियों के साथ घर लौट रहे थे। बदमाशों ने उनके सिर में गोली मारी थी। उन्हें यशोदा अस्पताल लाया गया। जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना पर गाजियाबाद के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने प्रताप विहार चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। मामले की जांच सीओ सिटी प्रथम राकेश मिश्रा को सौंपी गई थी।
अखिलेश यादव ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गाजियाबाद में विक्रम जोशी को बदमाशों ने इसलिए गोली मार दी क्योंकि उसने भांजी से छेड़छाड़ के मामले की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने कुछ किया नहीं, उल्टे उन्हें शिकायत की जानकारी दे दी। इससे बदमाशों की हिम्मत बढ़ गई। पुलिस ने अगर समय से कार्रवाई की होती तो पत्रकार की जान नहीं जाती।
सपा देगी 2 लाख, सरकार दे 25 लाख
अखिलेश ने कहा कि सपा पत्रकार विक्रम के परिवार को दो लाख रुपये की मदद देगी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जोशी के आश्रितों को 25 लाख रुपये भाजपा सरकार दे। उन्होंने कहा कि इससे पहले कई पत्रकारों की निर्मम हत्या की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, उससे पुलिस की भूमिका संदिग्ध हो चली है। अपराधियों व पुलिस में साठगांठ के मामले सामने आ रहे हैं।