नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी की ओर से आयोजित खेल महोत्सव के 11वें दिन खजूरी चौक स्थित डीडीए के नमो विशाल मैदान में चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। बुधवार को हुए मैचों के बाद मुखर्जी नगर, मलका गंज, दयालपुर और नंद नगरी की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए सांसद मनोज तिवारी के साथ केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, ग्रैमी अवार्ड विजेता संदीप दास और विधायक अजय महावर मैदान पर पहुंचे।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव गली-मोहल्लों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने का सशक्त माध्यम बन रहा है। कपिल मिश्रा ने खजूरी चौक क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए यहां भविष्य में आधुनिक स्टेडियम बनने की संभावना जताई। मनोज तिवारी ने कहा कि युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए पुरस्कार राशि दोगुनी की गई है। अब विजेता को दो लाख, उपविजेता को एक लाख और विशेष प्रदर्शन के लिए 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। मैचों में मुखर्जी नगर ने दिलशाद गार्डन, दयालपुर ने करावल नगर पूर्व, मलका गंज ने रामनगर और नंद नगरी ने घोंडा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। ब्यूरो