रेल बजट से गुड़गांव को दूर रखने के चलते केंद्रीय योजना एवं रक्षा राज्यमंत्री तथा सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने अपने संसदीय कोष से इसकी दशा सुधारने की पहल की है। उन्हाेंने गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर जनसुविधाएं दुरुस्त करने के लिए 60 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
उन्हाेंने कहा कि आने वाले वर्षों में लोकसभा क्षेत्र के अन्य रेलवे स्टेशनों पर जनसुविधाएं देने के लिए सांसद निधि से राशि जारी की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली-रेवाडी रेलवे रूट के विद्युतीकरण का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
गुड़गांव रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन बनाने के लिए आने वाले दिनों में रेल बजट की घोषणा के अनुरूप वाई फाई से जोड़ने, जिले की तीन मानव सहित क्रॉसिंग पर ऑडियो वार्निंग सिस्टम लगाने की योजना है। जबकि गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन व पटौदी रेलवे स्टेशन पर भी आने वाले वर्षों में वाई फाई की सुविधा प्रदान की जाएगी।
उन्हाेंने बताया कि गुड़गांव रेलवे स्टेेशन पर जनसुविधाओं के तहत स्टेनलेस स्टील की 20 बेंच, आरसीसी की 30 बेंच, 10 स्मॉल प्लेटफॉर्म सेल्टर स्टेलनेस स्टील व 50 स्टील डस्टबीन की सुविधा देने के लिए उत्तर रेलवे को सांसद निधि से 60 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु के रेवाड़ी दौरे के दौरान उन्होंने दैनिक यात्री संगठनों व लोकसभा क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों व नई पैेसेंजर ट्रेनों के संबंध में उन्हें अवगत करवा दिया था। आने वाले दिनों में उन पर काम शुरू होगा।