छावनी में तब्दील रहा इलाका
पुलिस ने भी पूरे इलाके को छावनी में तब्दील किया हुआ था। जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रणधावा के अलावा 2000 से अधिक पुलिसकर्मी वहां तैनात रहे। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया शोभा यात्रा पर निगरानी के लिए पहली बार ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है। दिल्ली पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री फोर्स की पांच कंपनियां भी तैनात रही। सुरक्षा के मद्देनजर मेन रोड से अंदर जाने वाली सभी गलियों को बेरीकेड लगाकर ब्लॉक कर दिया गया। दुकानें भी बंद रही। हालांकि शोभा यात्रा समाप्त होने के बाद लोगों ने अपनी-अपनी दुकानें खोल ली। शोभायात्रा में भाजपा सांसद मनोज तिवारी, हंसराज हंस के अलावा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता व विश्व हिंदू परिषद सहित कई हिंदूवादी संगठनों के लोग मौजूद रहे।
एक दिन पहले दोनों समुदाय के साथ हुई बैठक
शोभा यात्रा निकालने के लिए जहां एक समुदाय अड़ा हुआ था, वहीं पुलिस आखिरी तक असमंजस की स्थिति में रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस शोभा यात्रा निकालने की इजाजत दे या नही इस पर ही विचार करती रही। मंगलवार सुबह आखिर इजाजत दे दी गई। इससे पहले सोमवार शाम पुलिस अधिकारियों ने दोनों समुदाय के लोगों की बैठक हुई। इस दौरान दोनों ओर से शांति बनाए रखने और शोभा यात्रा निकालने में सहयोग करने की अपील की गई।
सतर्क रहकर साजिश को विफल करना होगा: तिवारी
दुर्गा मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा होने के साथ ही हवन, पूजन और भंडारे तक का आयोजन हुआ, जिसमें हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने मिलकर भाग लिया। इसी दौरान वहां पहुंचे दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आपसी भाईचारे के साथ यहां वर्षों से हिन्दू-मुस्लिम मिलजुल कर रह रहे हैं। कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रेम व सौहार्द को खंडित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा हमें हर पल सतर्क रहकर साजिश को विफल करना होगा। ऐसी घटना भविष्य में दोबारा न हो इस बात को हम सभी को आपसी प्रेम से साबित करना होगा। वहीं दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी से सांसद हंसराज हंस ने कहा कि दिल्ली के लोगों की शांति को भंग करने के लिए एक बहुत बड़ा षड्यंत्र रचा था, जिसे आपसी भाईचारे से लोगों ने सुलझा लिया है। ऐसी घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए कम है।
शोभायात्रा में शामिल सांसद हंसराज हंस का आईफोन चोरी
शोभायात्रा के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच कुछ जेबतराश भी भीड़ का फायदा उठाकर अपना काम कर गए। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के संसद हंसराज हंस का किसी ने आईफोन उड़ा लिया। पुलिस अधिकारियों को जैसे ही इसका पता चला इस संबंध में शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई। उधर, थोड़ी ही देर में पता चला कि शोभायात्रा में सांसद समेत कई अन्य लोगों के फोन भी चोरी हो गए हैं। भगवा कपड़ों में पकड़े गए जेबतराश: पुलिस ने भीड़ में चोरी कर रहे दो लड़कों को पकड़ा भी है। वे भगवा कपड़े पहनकर लोगों की जेब साफ करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पकड़े गए। बाद में थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस शाम तक आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वही मीडिया कर्मियों ने जब आरोपी की फोटो खींचने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने माहौल बिगड़ने की बात कर फोटो लेने से मना कर दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सांसद का फोन उन्होंने ही चोरी किया या किसी अन्य युवक ने।