मोतीनगर के बसई दारापुर में हुई हत्या के विरोध बृहस्पतिवार को महापंचायत का आयोजन हुआ। बसई दारापुर स्थित धर्मशाला में आयोजित महापंचायत में दिल्ली के अलावा गाजियाबाद व मेरठ से बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए। परिवार के लोग इसे श्रद्धांजलि सभा तक सीमित रखना चाहते थे, जबकि बाहर से आए लोगों ने आरोपी के समुदाय के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग करने लगे। इसको लेकर वहां जोरदार हंगामा शुरू हो गया और लोग दो खेमों में बंट गए। हंगामा देखते ही पुलिस के आला अधिकारी वहां पहुंचे और किसी तरह लोगों को शांत कराया। महापंचायत में हंगामा बढ़ता देख पीड़ित परिवार के सदस्य भी वहां से अपने घर चले गए।
महापंचायत के बाद हुई श्रद्धांजलि सभा में तय हुआ कि आरोपी समुदाय के लोगों को किराये पर मकान नहीं दिया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित समाज के लोगों की ओर से पारित प्रस्ताव में कहा गया कि दिल्ली के किसी भी गांव में आरोपी समुदाय के लोगों को कोई भी व्यक्ति अपना मकान किराये पर नहीं देगा और जिसने भी अपने यहां उस समुदाय के लोगों को किराये पर घर दे रखा है उसे 15 दिनों के भीतर घर खाली कराएंगे।
महापंचायत में उपस्थित लोगों ने दिल्ली सरकार से पीड़ित परिवार के दो सदस्यों को सरकारी नौकरी देने और आर्थिक मदद देने की मांग को की। महापंचायत में उपस्थित लोगों में मेरठ के किठौर से विधायक सतवीर त्यागी, अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल त्यागी, दिल्ली त्यागी समाज के महासचिव अमरीश त्यागी, गाजियाबाद की डॉ. उदिता त्यागी और बसई दारापुर के दुष्यंत त्यागी सहित अन्य लोग शामिल हुए।