फरीदाबाद के थाना सराय ख्वाजा के पल्ला क्षेत्र में एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ जहर खा लिया। तीनों को गंभीर हालत में बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला व छोटी बेटी की मौत हो गई।
वहीं बड़ी बेटी की हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, योगेंद्र कुमार अपनी पत्नी गीता के साथ गांव पल्ला में किराये पर रहता है। वह फरीदाबाद की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। योगेंद्र ने बताया कि वह रविवार सुबह अपनी ड्यूटी पर गया था।
पढ़ें: JNU की शोध छात्रा ने क्यों काटी हाथ की नस?
शाम छह बजे जब घर लौटा तो घर की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी पत्नी गीता (30), बड़ी बेटी कविता (13) और छोटी बेटी पूजा (6) बेहोश पड़ीं थीं। आनन फानन में योगेंद्र ने तीनों को बीके अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे पता लगा कि तीनों ने जहर खाया है।
इलाज के दौरान गीता व छोटी बेटी पूजा ने दम तोड़ दिया, डॉक्टरों ने कविता की हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया है। योगेंद्र का कहना है कि वह तीनों को सुबह ठीक-ठाक छोड़ कर गया था, घर में कोई समस्या नहीं थी।