-पूर्वी जिला की साइबर थाना पुलिस ने दोनों को गाजियाबाद से दबोचा, आरोपी महिला पर पहले भी दिल्ली में दर्ज है ठगी का केस
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिले की साइबर थाना पुलिस ने फर्जी डिटेक्टिव एजेंसी से ऑनलाइन ठगी करने वाले मां-बेटे के गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गाजियाबाद में छापा मारकर पूनम सिंह (45) और उसके बेटे अर्णव सिंह (22) को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने एक पीड़ित से जासूसी सेवाएं देने का झांसा देकर 1.15 लाख रुपये ठगे थे।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि यह मामला भानु प्रताप सिंह की शिकायत के बाद सामने आया। पीड़ित इंटरनेट पर ऑनलाइन डिटेक्टिव सर्विस तलाश रहे थे। उन्हें एक वेबसाइट मिली जो असली एजेंसी जैसी दिख रही थी। आरोपियों ने वेबसाइट के जरिये पीड़ित को जांच सेवाएं देने का भरोसा दिया। उन्होंने अलग-अलग मदों में 1.15 लाख रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। काम न होने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस टीम ने फर्जी वेबसाइट के डोमेन, मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन की डिजिटल जांच की। टेक्निकल सर्विलांस से पुलिस टीम ने गाजियाबाद के सिकरोड़ में दबिश देकर अर्णव सिंह और उसकी मां पूनम सिंह को पकड़ा। पूछताछ के बाद दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पूनम सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है, उसके खिलाफ 2023 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था।