अमूल के बाद मदर डेयरी ने दूध के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी की ओर से प्रति लीटर दो रुपये बढ़ाने का एलान किया गया है। बढ़े दाम दिल्ली-एनसीआर में रविवार से प्रभावी होंगे। मदर डेयरी कंपनी का कहना है कि इनपुट कॉस्ट में भारी बढ़ोतरी हुई है।
विज्ञापन
दूध के दामों में बढ़ोतरी की यह घोषणा अमूल और पराग मिल्क फूड्स द्वारा दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए जाने के बाद की गई है। कंपनी की ओर से शनिवार को कहा गया कि बढ़ती खरीद कीमतों, ईंधन और पैकेजिंग की लागत के चलते दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम प्रति लीटर दो रुपये बढ़ाए जा रहे हैं। कंपनी के इस एलान के बाद अब फुल क्रीम दूध की कीमत 59 रुपये प्रति लीटर होगी। वहीं, टोंड दूध की कीमत बढ़कर 49 रुपये और डबल टोंड दूध 43 रुपये में मिलेगा।