दिल्ली में पहली बार रविवार को एक ही दिन में 427 कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही 106 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। नए मरीजों को मिलाकर दिल्ली में कुल संक्रमित की संख्या 4549 हो चुकी है। अब तक 1362 मरीज स्वस्थ्य होकर घर भेजे जा चुके हैं, जबकि 64 लोगों की मौत हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में अब तक 60246 सैंपल की जांच हो चुकी है। 330 संक्रमित मरीजों को पहली स्टेज का संक्रमण मिलने के चलते होम आइसोलेशन पर रखा है। इनके अलावा दिल्ली के 96 कंटेनमेंट जोन में संक्रमित मरीजों की संख्या 1015 से बढ़कर 1071 हो चुकी है।
कापसहेड़ा में 17 और कोरोना संक्रमित मिले
कापसहेड़ा इलाके की गली नंबर एक में शनिवार को 41 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद रविवार को 17 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमितों की संख्या 58 हो गई है। नए मामले जो सामने आए हैं, इनके सैंपल बीते 20 अप्रैल को लिए गए थे।
हाईकोर्ट में रजिस्ट्री अधिकारी संक्रमित
दिल्ली हाईकोर्ट में एक रजिस्ट्री अधिकारी में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, इस दौरान यह अधिकारी ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे।
बीएसएफ के 25 और जवान संक्रमित
दिल्ली पुलिस के साथ जामा मस्जिद इलाके में तैनात बीएसएफ की 126वीं बटालियन के 25 अन्य जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अबतक बीएसएफ के कुल 42 जवान संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें से 31 मामले 126वीं बटालियन से हैं ।