कैबिनेट फैसला-3
सरकार ने जनहित में जरूरी निर्णय लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र 7 से 11 अगस्त तक आयोजित होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में सत्र की तारीखों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि पांच दिवसीय सत्र में दिल्ली के विकास, जनोपयोगी योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक फैसले लेने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। सत्र के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, बजट के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, विधायक जनहित से जुड़े सवाल और प्रस्ताव सदन में रख सकते हैं। सरकार ने संकेत दिया है कि सत्र में दिल्ली के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा होगी।