सोमवार को सुबह से ही बादलों ने आसमान को घेरा हुआ था। इस दौरान तेज ठंडी हवाएं चल रही थीं। बीच-बीच में दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे जगह-जगह जाम लगा तो, जलभराव ने भी परेशान किया। हालांकि, वर्षा ने उमस भरी गर्मी से राहत तो दिलाई, लेकिन जनजीवन प्रभावित होने से आफत बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुुसार, राजधानी में बीते 24 घंटे में 10.3 और सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक 3.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। ऐसे में पालम में 3.2 लोधी रोड में 3.7,आया नगर में 3.6 व रिज और पूसा में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। ऐसे में उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली में झमाझम बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का 100 से 78 फीसदी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।
अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना हैं। साथ ही, 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी जो 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28 और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस माह में अब तक तीन दिन बारिश हुई है।
आज हो सकती है झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने सात अक्तूबर के लिए झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद आठ अक्तूबर से बारिश का सिलसिला थम सकता है। इस दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना कम है। वहीं नौ से 12 अक्तूबर को भी आसमान साफ रह सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि आठ से 12 अक्तूबर तक अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।