दिल्ली में शुक्रवार रात ऑटो चालक की मनमानी की वजह से एक एयरलाइंस कंपनी में कार्यरत कर्मी मोनिश महफुज (34) की जान पर बन आई। गंतव्य तक जाने को लेकर हुई तकरार में चालक ने उसे चलते ऑटो से धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर आईपी एस्टेट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। हालांकि आईपीएल मैच करवाने में व्यस्त पुलिस ने मैच खत्म होने के बाद ही मामले की तफ्तीश करने की बात कही है।
मोनिश ने पुलिस को बताया कि ऑटो में उसका एक बैग था, जिसमें दस हजार रुपये, तीन चेकबुक और होमलोन के कागजात थे, जिसे ऑटो चालक लेकर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक नबी मुंबई निवासी मोनिश इन दिनों ओखला में रहने वाले अपने भाई के पास आया है। शुक्रवार को काम के सिलसिले में वह आईटीओ आया था। लौटते समय उसने ओखला जाने के लिए ऑटो किराए पर लिया।
फ्लाईओवर पार करने के बाद लूप पर पहुंचते ही चालक ने ऑटो रोक दिया। उसने मोनिश से कहा कि ट्रैफिक पुलिस को देखकर वह ओखला जाने को राजी हुआ था, लेकिन अब वह नहीं जाएगा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी होने लगी।
मोनिश ने ऑटो से उतरकर ट्रैफिक पुलिस से शिकायत करने की बात कही तभी चालक ने ऑटो चला दिया। इस दौरान मोनिश आधा बाहर लटका हुआ था। उसने कई बार चालक से ऑटो रोकने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना।
आरोप है कि इसी बीच चालक ने मोनिश को चलते ऑटो से धक्का मार दिया। सड़क पर गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। इसके बाद चालक फरार हो गया।