नोएडा के सेक्टर-39 डिग्री कॉलेज में उस वक्त हंगामा मच गया जब कॉलेज प्रोफेसर ने एक छात्र को पीट दिया। बताया जा रहा है कि छात्र ने एक लड़की को घर से उठवाने की धमकी दी थी।
इस दौरान महिला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। छात्र की पिटाई से नाराज छात्रों ने कॉलेज के बाहर जाम लगाने का प्रयास किया। इस दौरान थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझा-बुझाकर शांत किया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कॉलेज के छात्र मिलकर ड्रेस कोड का विरोध करने के लिए एकजुट हो रहे थे। तभी अचानक एक प्रोफेसर ने छात्र भगत सिंह को पीट दिया।
छात्र को पिटता देख आसपास के छात्र एकत्र हो गए और फिर नारेबाजी करने लगे। कॉलेज की ओर से थाना सेक्टर-39 पुलिस को जानकारी दी गई और मौके पर पहुंच कर थाना प्रभारी धर्मेंद्र चौहान ने मामले को शांत करवाया।
छात्रों को समझाया गया कि ड्रेस कोड की वजह से नहीं बल्कि छात्रा से बदसलुकी के लिए छात्र को पकड़ा गया है। इस बीच कॉलेज में मौजूद महिला थाना प्रभारी नरेंद्री सैनी ने भगत सिंह उर्फ ललित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, छात्र ने आरोपों से इनकार किया है।