दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट से एक पार्टी के उम्मीदवार पर नेतागीरी का ऐसा रौब चढ़ा कि उसने दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल को भी नहीं बख्शा और उसके साथ मारपीट व छेड़छाड़ की।
चुनावी सीजन में नेताजी की ये हरकत आम लोगों के साथ ही विरोधी दलों के नेताओं के लिए भी चर्चा और आरोप-प्रत्यारोप का विषय बन गई है।
महिला कांस्टेबल की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी नेता को गिरफ्तार भी कर लिया है।
जानिए, क्या है पूरा मामला
जिला पुलिस उपायुक्त ज्ञान संबंदन ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3:30 बजे मॉडल टाउन फेज-3 के पास दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग चल रही थी। इस बीच पुलिस ने जांच के लिए चांदनी चौक लोकसभा सीट के एक उम्मीदवार की गाड़ी भी रोक ली।
आरोप है कि नेताजी को यह बात बहुत ही नागवार लगी और उन्होंने इसका विरोध जताते हुए बदसलूकी शुरू कर दी। इतना ही नहीं, रौब में आए नेताजी ने ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ मौजूद लगभग 25 वर्षीय महिला कांस्टेबल से भी छेड़छाड़ और मारपीट शुरू कर दी। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मेडिकल के बाद केस दर्ज, नेताजी गिरफ्तार
महिला कांस्टेबल ने अपने बयान में ब्रिज विकास पार्टी के प्रत्याशी संजय गांधी पर मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी प्रत्याशी संजय गांधी (55) पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने, वर्दी फाड़ने और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने नजदीकी अस्पताल में महिला कांस्टेबल का मेडिकल कराया और बाद में उसकी शिकायत पर आईपीसी की धारा-186, 353, 354 और 354 बी के तहत मामला दर्ज कर संजय को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुटी है।