तिहाड़ जेल नंबर दो के हाई सिक्योरिटी सेल में बंद बाहुबली व राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन कोरोना संक्रमित हो गया है। मंगलवार को तबियत खराब होने के बाद उसका कोरोना टेस्ट किया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जेल के डॉक्टर की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
प्रशासन के मुताबिक जरूरत पडने पर उसे जेल के अस्पताल से दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा जा सकता है। जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शहाबुद्दीन कोरोना संक्रमित हो गया है।
फिलहाल जेल के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। जरूरत पडने पर उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया जा सकता है। शहाबुद्दीन फिलहाल तिहाड़ जेल में उम्र कैद की सजा भुगत रहा है।
शहाबुद्दीन के संक्रमित होने की जानकारी मिलने के बाद जेल प्रशासन ने जेल संख्या दो को सेनेटाइज करवाया। जेल के सभी सेल और बैरक को सेनेटाइज किया गया है। जेल संख्या दो में ही अंडरबल्र्ड डॉन छोटा राजन और दिल्ली का गैंगस्टर नीरज बवानिया बंद है। इसके अलावा जेल नंबर दो में ही जेल की कई फैक्टरी है। जेल प्रशासन कोरोना को लेकर काफी चिंतित है।