प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी दिल्ली में जोड़तोड़ से सरकार बनाने की बजाय नए सिरे से चुनाव कराने के पक्ष में हैं। उनका मानना है कि आम आदमी पार्टी या फिर कांग्रेस में टूट कराने की जगह जल्द चुनाव कराना ही अक्लमंदी होगी।
उन्होंने यह बात हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नतीजों से ठीक पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश पार्टी नेताओं से एक बैठक में कही थी। प्रधानमंत्री के रुख को देखते हुए दिल्ली में एक हफ्ते के अंदर चुनाव कराने को लेकर कदम उठाए जा सकते हैं और दिसंबर माह में चुनाव हो सकते हैं।
पीएम की मंशा जानने के बाद भाजपा अध्यक्ष शाह ने भी दिल्ली प्रभारी प्रभात झा को चुनाव के लिए तैयार रहने को कह दिया है। साथ ही जोड़तोड़ की सरकार के पक्ष में बोलने वाले दिल्ली प्रदेश भाजपा नेताओं को अब मीडिया में बयानबाजी नहीं करने को कहा गया है।