प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ग्रेजुएशन की डिग्री के संबंध में डीयू केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) को जल्द जवाब देगा। इस मामले को डीयू का आरटीआई सेल देख रहा है। सेल ही सारे रिकॉर्ड को देख रहा है। डीयू कुलपति ने सोमवार को साफ कर दिया कि डीयू को बीते सप्ताह सीआईसी का ऑर्डर प्राप्त हो चुका है।
उसके एक-एक शब्द को देखा जाएगा और उसके आधार पर ही जवाब देंगे। आम आदमी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्नातक की डिग्री को लेकर सवाल उठा रही है। डीयू कुलपति प्रो. योगेश त्यागी ने कहा कि सीआईसी का आदेश बीते सप्ताह प्राप्त हुआ था। आरटीआई सेल के लोग काफी सक्षम है और उसका गहनता से अध्ययन कर रहे हैं।
उन्होंने डिग्री से संबंधित दस्तावेजों को सील किए जाने संबंधी आरोप को भी गलत बताया। स्पष्ट किया कि डीयू एक तय की गई व्यवस्था के तहत कार्य करता है।उसी व्यवस्था के अनुसार ही विषयों पर स्थिति को स्पष्ट किया जाता है। बताया जा रहा है कि सीआईसी की ओर से जो जानकारी मांगी गई है, उसके लिए आरटीआई सेल हर पहलु को देख रहा है।