मुख्यमंत्री ने कहा, पिछली सरकारों से अलग है मौजूदा सरकार, 24 घंटे दिल्ली के लिए कर रही काम
विज्ञापन
साफ यमुना, प्रदूषण मुक्त दिल्ली और बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर का सपना मिलकर करेंगे पूरा
अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि रैलियां और विरोध प्रदर्शन होते रहेंगे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के दिलों में जो जगह बनाई है, उससे यह तय है कि मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं। दिवाली मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 24 घंटे दिल्ली की जनता के लिए काम कर रही है। विकसित दिल्ली और विकसित भारत का सपना मिलकर पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार और पिछली सरकारों के बीच फर्क जनता को दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अपनी कैबिनेट, विधायकों और पार्टी नेतृत्व की ओर से दिल्ली के विकास के लिए लगातार काम करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सवाल सरकार को और तेजी से काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। दिल्ली को बेहतर बुनियादी ढांचे, हरियाली, प्रदूषण मुक्त वातावरण और साफ यमुना की जरूरत है। कचरा प्रबंधन समेत जनता से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान के लिए सरकार बिना थके काम कर रही है।