चुनाव से पहले महंगाई और तेल कीमतों के बढो़तरी का विरोध करने वाली भाजपा ने केंद्र में सरकार बनते ही जनता को बड़ा झटका दिया है। पिछली सरकार में बढ़ी महंगाई से त्रस्त जनता ने थोड़ी राहत की उम्मीद की थी लेकिन मोदी सरकार ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
विज्ञापन
रेल किराये में वृद्घि के साथ डीजल-पेट्रोल, चीनी, दवाई और सब्जियों के साथ शराब के दामों में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है।
सरकार के इस फैसले के विरोध में जनता सड़क पर उतरने लगी है। वहीं विपक्ष भी सरकार को घेरे है। महंगाई की इस मार का दिल्ली एनसीआर में भी बड़ा असर पड़ा है। 'महंगे दिनों' में किन-किन चीजों के दाम बढ़े हैं देखिए आगे की स्लाइड में।
पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा
खाड़ी देशों के संकट का असर पेट्रोल व डीजल के दाम पर दिखाई दिया है। तेल कंपनियों ने सोमवार आधी रात से तेल कीमतें बढ़ा दी हैं। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में करीब दो रुपये (1.99 रुपये) प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।
अभी तक 71.56 रुपये प्रति लीटर बिकने वाले पेट्रोल के लिए अब 73.55 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, डीजल के दाम में 50 पैसे की बजाय दिल्ली में 56 पैसे की वृद्धि हुई है। दिल्ली में डीजल के नए दाम 57.84 रुपये हो गए हैं। अभी तक डीजल 57.28 रुपये प्रति लीटर था।
नोएडा में पेट्रोल की नई कीमत होगी 80.81 रुपये प्रति लीटर। अब तक नोएडा में पेट्रोल की कीमत 79.12 रुपये प्रति लीटर थी। गुड़गांव में अब पेट्रोल 72.86 रुपये की बजाय 74.55 रुपये प्रति लीटर मिलेंगी। जबकि डीजल 56.60 रुपये की बजाय 57.10 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
वहीं, फरीदाबाद में पेट्रोल की नई कीमत 74.90 रुपये प्रति लीटर होगी, जो अब तक 73. 08 रुपये थी। डीजल की नई दर 56.86 रुपये जो जाएगी, जो अब तक 56.30 रुपये थी।
अभी और रुलाएगी प्याज
राजधानी दिल्ली की मंडियों में प्याज की आवक कम होने से कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। आढ़तियों की मानें तो आने वाले समय में दूसरे राज्यों से आवक कम होने से थोक बाजार में प्याज का दाम पचास रुपये तक पहुंच सकता है। इसका सीधा असर खुदरा बाजार पर पड़ेगा।
राजधानी की मंडियों में पिछले एक हफ्ते में प्याज की आवक में गिरावट आई है। रोजाना सौ ट्रक की आवक वाली आजादपुर मंडी में सोमवार को सिर्फ 45 ट्रक प्याज ही आया। दो दिनों में 81 ट्रक प्याज राजस्थान, जबकि नौ ट्रक प्याज मध्य प्रदेश से आया।
आढ़तियों की मानें तो थोक बाजार में राजस्थानी प्याज की कीमत 15-20 रुपये प्रति किलो व मध्य प्रदेश की 20-25 रुपये के बीच रही। सोमवार को प्याज का दाम पिछले हफ्ते से आठ रुपये ज्यादा रहा। दुकानदार गोपाल चंद ने बताया कि अब जब मंडी में प्याज की कीमत बीस रुपये तक है तो परिवहन आदि खर्च को जोड़ने के बाद तीस रुपये में बेचना ही पड़ेगा। नहीं तो लागत भी नहीं निकल पाएगी।
21 रुपए की शराब मिलेगी 100 में
राजधानी में देसी शराब पर टैक्स और कमीशन की धुआंधार बैटिंग से 21.58 रुपये वाली बोतल मंगलवार से 100 रुपये में मिलेगी। सोमवार तक इसकी कीमत 90 रुपये थी। इसके अलावा विक्रेता मार्जिन और थोक मूल्य में वृद्धि के चलते बियर व अन्य विदेशी ब्रांड खरीदने के लिए भी थोड़े अधिक पैसे चुकाने होंगे।
आबकारी विभाग ने नई आबकारी नीति अधिसूचित की है। शराब पर लगने वाला टैक्स अलग-अलग रेट के हिसाब से बढ़ाया गया है। इस कारण विदेशी शराब की कीमतों में 10-40 रुपये तक की वृद्धि हो गई है।
देसी शराब पर टैक्स 210 से बढ़ाकर 220 फीसदी कर दिया गया है, जिस कारण 90 रुपये में मिलने वाली बोतल अब 100 रुपये में मिलेगी। जबकि 45 रुपये का अध्धा 50 में मिलेगा। हालांकि, पौवे का रेट नहीं बढ़े हैं। आबकारी विभाग के अनुसार, नए टेंडर में थोक कीमत 21.58 रुपये आई है। इस पर छह रुपये का मार्जिन विक्रेता को दिया जाता है। फिर 55.75 रुपये का आबकारी विभाग का राजस्व है।
दिल्ली में लेकर आने वाले कमर्शियल वाहन वालों को मंगलवार से अपनी जेब अधिक ढीली करनी होगी। दरअसल, तीनों नगर निगम ने टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी करते हुए नई दरें एक जुलाई से लागू करने का फैसला किया है। कमर्शियल वाहन वालों को 36 प्रतिशत से लेकर 45 प्रतिशत अधिक टोल टैक्स देना होगा।
टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी का सबसे अधिक भार टैक्सी, टैंपों जैसे वाहनों पर पड़ेगा। टैक्सी, टैम्पों से वसूलने जाने वाले टोल टैक्स की दरों में 20 रुपये, बस, ट्रक-निशान, केंटर की दरों में 35 रुपये, छह पहिया वाले वाहनों की दरों में 60 रुपये, 10 पहिया वाले वाहनों की दरों में 120 रुपये और 14 पहिया वाले वाहनों की दरों में 300 रुपये की बढ़ोतरी की है।
बस एवं चार टायर वाले ट्रक की दरों में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी की गई है। छह एवं उससे अधिक टायर वाले वाहनों के टोल टैक्स की दरों में सबसे कम बढ़ोतरी की गई है। उनकी दरें 37 प्रतिशत बढ़ाई गई है।