स्टेशन पर यह होगा खास
स्टेशन के बाहरी भाग का सौंदर्यीकरण होगा। साथ ही, स्टेशन पर बेहतर कैफेटेरिया, एक स्टेशन-एक उत्पाद वाला स्टॉल, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग का विकास, सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात की सुगम आवाजाही के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनेंगे। अतिरिक्त प्लेटफार्म शेल्टर का विकास, जल बूथ, मोनो रंग के डिस्प्ले बोर्ड, जीपीएस आधारित प्लेटफॉर्म घड़ी लगेगी। साथ ही, एग्जीक्यूटिव, आरक्षित लाउंज होंगे। वीआईपी कक्ष में एलईडी टेलीविजन लगेगा। यात्री उद्घोषणा प्रणाली को बेहतर करने के साथ ही मुफ्त वाई-फाई की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।
जमीन मिली, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने की दिक्कत होगी दूर
सराय काले खां की ओर से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने में यात्रियों को होने वाली परेशानी जल्द दूर होने की उम्मीद है। स्टेशन परिसर के बाहर की नगर निगम की जमीन अब रेलवे को मिल गई है। इसके बदले निगम को कुतुब रोड पर जमीन दी जाएगी। दिल्ली मंडल ने इस प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड को भेजा है। अनुमति मिलने के बाद विकास कार्याें के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
दरअसल, नई दिल्ली व पुरानी दिल्ली के बाद हजरत निजामुद्दीन राजधानी का सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन हैं। हर दिन यहां करीब ढाई लाख यात्रियों की आवाजाही रहती है। संकरी एप्रोच रोड पर वाहनों का ज्यादा दबाव और अतिक्रमण के बीच रेलवे स्टेशन से रिंग रोड की तरफ निकलना मुश्किल है। इसके समाधान के तौर पर रेलवे ने सड़क की दोनों तरफ की जमीन बदलने का प्रस्ताव तैयार कर निगम के पास भेजा था।
रेलवे ने कुतुब रोड पर जमीन देने की बात कही है, लेकिन निगम सड़क के लिए भी अतिरिक्त जमीन की मांग कर रहा था। ऐसे में कई माह से आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ पा रही थी। अब इस विवाद को सुलझा लिया गया है। वर्तमान में स्टेशन परिसर में प्रवेश करने के लिए यात्रियों काे भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संकरी सड़क और दोनों ओर लगी अस्थायी दुकानों से यात्रियों को परेशानी होती है। वाहन बिना जाम में फंसे स्टेशन प्रवेश द्वार तक नहीं पहुंच सकते। रिंग रोड पर रैपिड ट्रेन का स्टेशन भी बन रहा है।
बस स्टैंड भी हटाया जाएगा
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से आने वालों को भी परेशानी होती है। प्रवेश द्वार पर बस स्टैंड होने और सड़क की चौड़ाई कम होने से अक्सर जाम लगा रहता है। दिल्ली सरकार से बस स्टैंड को स्थानांतरित करने की भी मांग की है।