अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले के पहले वीकेंड पर रविवार को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मेला देखने के लिए आसपास के राज्यों से भी काफी संख्या में लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचे।
मेला परिसर इन दिनों देसी और विदेशी पर्यटकों से भरा है। जैसे-जैसे दिन ढलता गया मेले में वैसे-वैसे भीड़ बढ़ती गई। सुबह 11.30 बजे के बाद लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई।
दूसरे देशों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए मेले की मुख्य चौपाल पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। मुख्य चौपाल पर कार्यक्रम की शुरुआत तेलंगाना के कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति से की।
इसके बाद ओडिशा के छोटे-छोटे बच्चों ने पारंपरिक गोती पुआ नृत्य पेश किया। मालदीव के बैंड ने लोगों को अपनी धुनों पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया। वहीं तुर्कमेनिस्तान के कलाकारों ने विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्र बजा कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सूरज की लुकाछिपी के बीच विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने हल्की ठंड को भुला दिया। रसिया के क्रिस्टल ग्रुप ने जब प्रस्तुति दी तो लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया।
इसी तरह छोटी चौपाल पर भी अन्य राज्यों और अन्य देशों से आए कलाकारों ने अपनी कला और संस्कृति को नृत्य और नाटकों के माध्यम से दर्शाया और दर्शकों को दिल जीत लिया।
1.50 लाख दर्शकों के पहुंचने का दावा
रविवार को पहले वीकेंड पर करीब डेढ़ लाख पर्यटक मेले में पहुंचे। साथ ही मेले की शुरुआत से रविवार तक करीब साढ़े चार लाख लोग मेले में आ चुके हैं। मेला अधिकारी राजेश जून के अनुसार आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी।
मेले में जमकर हुई खरीददारी
मेले में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही जमकर खरीदारी भी हुई। खासकर महिलाएं ज्यादा रुचि दिखा रही हैं। शनिवार को कपड़े और छोटे-छोटे गिफ्ट आइटम की जमकर बिक्री हुई।
गिफ्ट आइटमों में की चेन, लकड़ी के खिलौने प्रमुख रहे। नेपाल के स्टॉल पर महिलाओं को गर्म शॉल की खरीददारी करते देखा गया। साथ ही दूसरे देशों की स्टॉल जैसे किर्गिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, इजिप्ट, थाईलेंड श्रीलंका की स्टॉल पर भी लोगों की खासी भीड़ रही।
घंटों जाम झेलकर पहुंचे मेला
वीकेंड होने के कारण लोगों को भयंकर जाम का सामना करना पड़ा। लोगों को सूरजकुंड पहुंचने के लिए घंटों जाम में गुजारना पड़ा। अनंगपुर से सूरजकुंड मेले तक दो से ढाई किलोमीटर लंबा जाम था।
गाड़िय़ां रेंग-रेंग कर चल रही थीं, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग जल्दी के चक्कर में गलत साइड में गाड़ी लेकर घुस गए, जिससे दोनों ओर जाम लग गया। मेले में गाड़िय़ों के बनाई पार्किंग फुल रहीं।