उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक बार फिर तीनों प्राधिकरण के पैसे और खर्च का मुद्दा उठाया गया। दादरी विधायक सत्यवीर गुर्जर ने कहा कि तीनों प्राधिकरणों का पैसा गौतमबुद्ध नगर के विकास पर ही खर्च किया जाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि कैबिनेट ने प्रस्ताव पास किया था कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के पैसे से दूसरे पिछड़े क्षेत्रों का विकास किया जाएगा।
विधायक ने प्रस्ताव को तुरंत निरस्त करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों के बदले उन्हें प्लॉट नहीं दिए जा रहे हैं। 2012 से प्राधिकरण ने ये प्रक्रिया रोक रखी है। किसानों को प्लॉट दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि बसपा सरकार ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में करोड़ों रुपये के खर्च से अस्पताल का निर्माण कराया। मौजूदा सरकार उसमें बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर चिकित्सा सुविधा मुहैया करानी है तो नए अस्पतालों का निर्माण कराया जाए। प्रदेश सरकार ऐसी व्यवस्था करे ताकि गरीबों को सस्ता इलाज मुहैया हो।