मामूली बात पर पिता से झगड़ा होने के बाद उड़ीसा से भागकर दिल्ली आई छात्रा को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने सकुशल ढूंढ लिया। छात्रा दिल्ली में नौकरी की तलाश कर रही थी। एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज से छात्रा के बारे में सुराग हाथ लगा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार थाना गोसानिनुआगांव, जिला बेरहमपुर, उड़ीसा पुलिस ने दिल्ली पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को छात्रा के गायब होने की शिकायत देकर सहायता मांगी थी। यूनिट में तैनात इंस्पेक्टर रामनिवास ने छात्रा के पिता से बात की, तो पता लगा कि वह 9 नवंबर से गायब है।
वहां पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। पिता ने बताया कि बेटी के एटीएम कार्ड से 16,17 व 18 नवंबर को दिल्ली में क्रमश: मुखर्जी नगर, यमुना पार्क और कनॉट प्लेस से रुपये निकाले गए हैं। छात्रा के पिता को दिल्ली बुलाया गया।