दिल्ली के शालीमार बाग इलाके से चार दिन पूर्व लापता चौथी कक्षा के छात्र की नृशंस हत्या कर दी गई है। उसका शव रविवार दोपहर समयपुर बादली इलाके से मिला। उसके दोनों हाथ गायब हैं और शव सड़ी गली अवस्था में है। शालीमार बाग थाना पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूलत: नवादा बिहार का रहने वाला अमरजीत (10) अपनी मां के साथ नाना रामानंद के घर संजय कैंप में रहता था। उसके पिता मनोज दिल्ली से बाहर काम करते हैं। अमरजीत शालीमार बाग स्थित सरकारी स्कूल की चौथी कक्षा में पढ़ता था। गत 17 मार्च को अमरजीत स्कूल गया था। टिफिन होने पर वह घर आ गया और नानी से दो रुपये देने की जिद करने लगा। नानी के मना करने के बाद वह बिना खाना खाए घर से निकल गया। उसके बाद वह नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश करने के बाद शालीमार बाग थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
रविवार दोपहर एक बजे कंट्रोल रूम को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित रेलवे लाइन के पास एक खाई में बच्चे के शव पड़े होेने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बच्चे के दोनों हाथ गायब हैं। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। स्थानीय पुलिस ने आस पास के थानों से गायब होने वाले की बच्चों की जानकारी ली। उसके बाद अमरजीत के परिवार वालों को बुलाया। जिसने शव की पहचान अमरजीत के रूप में की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।