निहाल विहार इलाके से गायब एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कारोबारी का शव बहादुरगढ़ स्थित एक नाले से मिला है। पांच दिन पहले पीड़ित अपने दोस्त को छोड़ने के लिए घर से निकला था और निहाल विहार थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज है। कारोबारी की पहचान सतेंद्र उर्फ कालू (34) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सतेंद्र सपरिवार उत्तम नगर के महारानी एंक्लेव में रहता था। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा एक भाई, पत्नी और दो बच्चे हैं। सतेंद्र की दूध की डेयरी थी।
साथ ही वह प्रॉपर्टी का काम भी करता था। उसके भाई प्रमोद के मुताबिक नौ अक्तूबर की रात सतेंद्र अपने दोस्त गिरीश बंसल को छोड़ने के लिए कार से कुंवर सिंह नगर गया था लेकिन वापस नहीं आया।