खोड़ा के आदर्शनगर कालोनी से दो दिन पूर्व खेलते समय लापता हुई पांच साल की बच्ची का शव शनिवार सुबह पड़ोसी की छत पर मिला। हत्या कर शव प्लास्टिक के कट्टे में बांध कर रखा गया था। जिस मकान में शव मिला उसके सामने रहने वाली महिला ने छत पर रखे कट्टे पर मक्खियां लगती देख परिजनों को जानकारी दी। कट्टे को खोल कर देखा गया तो उसमें मासूम बच्ची का शव था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
खोड़ा की आदर्शनगर कालोनी में मुकेश पत्नी रेनू, बेटी खुशी, राशि और बेटे मुकुल के साथ रहते हैं। बेटी राशि (5) पास के ही कुंती मेमोरियल स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। बृहस्पतिवार शाम को वह खेलने के दौरान लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शनिवार सुबह बच्ची के ताऊ के घर के सामने वाले मकान में रहने वाली महिला ने उनकी छत पर एक प्लास्टिक के कट्टे पर मक्खियां देखी। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कट्टे में राशि का शव बरामद किया। राशि का शव खून से लथपथ था। उसके शरीर पर कई घाव के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी रवि कुमार ने बताया कि हत्या कर शव को कट्टे में बंद किया गया था। पुलिस रेप के बाद हत्या समेत कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।