द्वारका साउथ इलाके में सोमवार रात को बाइक सवार बदमाशों ने सेना के एक कैप्टन को कार समेत अगवा कर लिया। बदमाश कैप्टन को कई घंटे दिल्ली की सड़कों पर घुमाते रहे। इस दौरान बदमाशों ने उनका एटीएम कार्ड लूटकर 40 हजार रुपये भी निकाल लिए।
बाद में पीड़ित को द्वारका के सेक्टर-13 की ट्रैफिक लाइट पर उतारकर उनकी कार लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मुकुल वर्मा (24) परिजनों के साथ द्वारका के सेक्टर-5 की पॉकेट-1 में रहते हैं। वह सेना में कैप्टन हैं। उनकी तैनाती सियाचीन में है। इन दिनों वह दिल्ली में हैं। सोमवार रात वह कार से घर आ रहे थे। सेक्टर-5 स्थित बीजीएस स्कूल के पास वह कार रोककर पानी पीने लगे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार छह बदमाश उनके पास पहुंचे।
सभी ने जबरदस्ती उन्हें ड्राइविंग सीट से बाहर खींच लिया। उसके बाद हथियार होने की बात कहकर पिछली सीट पर बैठने के लिए कहा। डरे सहमे मुकुल पिछली सीट पर बैठ गए। दो बदमाश भी पिछली सीट पर बैठ गए, जबकि एक कार चलाने लगा। अन्य तीन बदमाश बाइक लेकर साथ चलने लगे।
द्वारका की सड़कों पर घंटों घुमाने के बाद बदमाश सेक्टर-12 स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ पर पहुंचे। बदमाशों ने पीड़ित से एटीएम कार्ड छीनकर 40 हजार रुपये निकाल लिए। फिर से द्वारका इलाके में घुमाने के बाद 13 व 17 सेक्टर की ट्रैफिक लाइट पर उतार दिया। उसके बाद बदमाश कार लेकर द्वारका मोड़ की तरफ भाग गए।