- स्कूटी में बैठकर आए थे दो आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक ई-वेस्ट कारोबारी के मकान के बाहर अंधाधुंध फयारिंग की। वारदात के समय कारोबारी बालकनी में ही मौजूद थे, हालांकि गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी और परिवार सुरक्षित बच गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर अपनी स्कूटी से तेजी से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सुभाष विहार, नॉर्थ घोंडा निवासी पीड़ित नावेद अंसारी ई-वेस्ट का कारोबार करते हैं और कई स्थानों पर उनकी फैक्ट्रियां हैं। नावेद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि तड़के करीब पौने तीन बजे गली में कुछ आवाज सुनाई दी। जब वह देखने के लिए बालकनी में आए तो सड़क पर एक स्कूटी खड़ी दिखी जिस पर दो युवक सवार थे। दोनों के हाथों में हथियार थे। कारोबारी के सामने ही बदमाशों ने हवा में और मकान की तरफ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियां मकान की कांच की रेलिंग और बाहरी दीवार पर जाकर लगीं।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
फायरिंग की सूचना पर तड़के तीन बजे थाना भजनपुरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस मामले में पुलिस ने कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच कर रही है।