कोतवाली फेज तीन थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर अल्मोड़ा के रहने वाले खेम सिंह ने सूचना दी कि सेक्टर-65 स्थित हल्दीराम में काम करने के लिए गाजियाबाद के सुनील बिष्ट आ रहे थे। रास्ते में ऑटो चालक को पैसा देते समय बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और सुनील को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। इसके बाद सुनील को आरोपियों ने जबरन बाइक पर बिठा लिया।
अगवा युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गईं। सुनील के मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिली। दिल्ली पुलिस से भी इस मामले को लेकर समन्वय स्थापित किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बहन को परेशान करने पर बाइक सवार युवकों ने सुनील के साथ मारपीट की है। बाइक सवार युवकों की तलाश के लिए एक टीम बनाई गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है।