गुस्साई भीड़ ने काटा हंगामा
नाजिन बेटे की लाश लेकर मदरसे पहुंची और हंगामा किया। देर रात तक मदरसे के बाहर भीड़ ने हंगामा किया। रात 9.52 बजे पुलिस को खबर मिली। पुलिस ने भीड़ को समझाकर वापस भेजा। बाद में शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेजा। पुलिस को भी शुरुआत में लगा कि चिकन-पॉक्स या बीमारी की वजह से मासूम की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराने पर शनिवार को उसकी मौत का खुलासा हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह चला पता
जिला पुलिस उपायुक्त डॉक्टर जॉय टिर्की ने बताया कि शुरुआत में उनको लग रहा था कि मासूम के शरीर पर फफोले हैं, जो उसकी मौत की वजह हो सकते हैं। पोस्टमार्टम करने पर पता चला कि उसके लीवर में गंभीर चोट थी। उसके पेट में खून का रिसाव होने के अलावा उसका एक फेफड़ा भी फटा हुआ था। यह सब पिटाई की वजह से हुआ था। मदरसे पहुंचकर पड़ताल की गई तो बच्चों ने आरोपी तीनों नाबालिगों के रोहान से हुए झगड़े के बारे में बताया। इसके बाद तीनों को पकड़ा गया। दो लड़के 11 साल के हैं, जबकि एक 9 साल का है। उनके परिजन मानने के लिए तैयार नहीं हैं कि उनके बेटों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया है।
एक सप्ताह पहले मां आई थी बेटे को लेने
मदरसे के पास ही गली नंबर-4 में संचालक हाजी दीन मोहम्मद रहता है। इसके मदरसे में 250 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। इनमें 150 से अधिक बच्चे यूपी के रहने वाले हैं। ज्यादातर बच्चे मदरसे में ही रहकर पढ़ाई करते हैं। रोहान भी यहीं पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। एक परिजन ने बताया कि पिछले सप्ताह बेटे ने फोन पर तबीयत खराब होने की बात की थी। नाजिन बेटे को लेने मदरसे आई थी, लेकिन उसे नहीं भेजा गया। वह वापस लौट गई। इस बीच शुक्रवार शाम को नाजिन ने मदरसे में कॉल कर बेटे से बात कराने के लिए कहा तो कहा गया कि वह बाहर खेलने गया था। बाद में कॉल किया तो आराम करने की बात की। इस बीच 6.30 बजे बेटे की तबीयत ज्यादा खराब होने का पता चला।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
रोहान की मां नाजिन खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका कहना है कि मदरसे की लापरवाही की वजह से उसके बच्चे की जान गई। क्या मदरसा संचालक की कोई जिम्मेदारी नहीं थी। सबकी मौजूदगी में झगड़ा कर मासूम रोहान को मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद से एरिया के लोगों में भी खासा रोष है। उन्होंने मदरसे के संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस हत्याकांड में बाकी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।