-वेलकम थाने का मामला, पुलिस ने कुछ ही देर में पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वेलकम इलाके में शुक्रवार शाम परेशान करने पर नाबालिगों ने एक युवक पर सुआ से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल युवक को उसके दोस्त जग प्रवेश अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर हत्या का प्रयास का केस किया। पुलिस ने कुछ ही देर में नामजद दो नाबालिग हमलावरों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने हमले में इस्तेमाल सुआ बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम वेलकम थाना पुलिस को कब्रिस्तान के पास स्थित पार्क में एक युवक पर सुआ से हमला किए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक दोस्तों ने घायल 22 साल के समीर को जग प्रवेश अस्पताल लेकर जा चुके थे। वहां पहुंचने पर पता चला कि डॉक्टरों ने उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया है। वहां पर समीर का इलाज चल रहा था। उसके शरीर पर सुआ से हमले किए जाने के कई घाव दिखे।
छानबीन में पता चला कि समीर परिवार के साथ वेलकम इलाके में रहता है। उसने बताया कि वह शुक्रवार शाम पार्क से लौट रहा था, तभी दो नाबालिगों ने उसपर सुआ से हमला कर भाग गए। थाना प्रभारी रूपेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में आरोपियों की तलाश की और कुछ देर बाद ही 16 साल के दोनों नाबालिगों कोे पकड़ लिया।