रोहिणी इलाके में पार्क में टहलने गई एक बुजुर्ग महिला से 14 वर्षीय किशोर ने जेवरात उड़ा लिए। उसने जेवरात चोरी होने की नसीहत देकर जेवरात उतरवाए और फिर उसे लेकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर आरोपी किशोर की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कमलेश शर्मा (78) रोहिणी सेक्टर-16 इलाके में अकेली रहती है। शनिवार शाम वह घर के बाहर पार्क में टहलने गई थी। टहलने के बाद वह बैंच पर बैठ गईं। इसी दौरान उसके पास करीब एक नाबालिग लड़का आया और बातचीत करने लगा। लड़के ने कमलेश के दोनों हाथों में चार सोने के कंगन देखकर कहा कि आप इसे मत पहनो, कोई चोरी करके ले जाएगा। कमलेश लड़के की बातों में आ गई और करीब तीन तौला वजन वाले कंगन खोलकर एक रुमाल में रख लिए।
आरोपी ने महिला को बातों में उलझाया और कंगन लेकर फरार हो गया। उस समय पीड़िता को कंगन ले जाने का पता नहीं चला। रविवार सुबह जब वह सोकर उठीं तो हाथों में कंगन नहीं देखकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए आरोपी की पहचान करने में जुटी है।