पुलिस भागे हुए एक आरोपी की तलाश कर रही है। गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान जहांगीरपुरी निवासी 22 साल के रामलाल और 18 साल के मयंक के रूप में हुई है। वहीं सोंटू की तलाश कर रही है। इनके कब्जे से पुलिस ने वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ लड़कों को बाइक और स्कूटी में आग लगाते हुए देखा गया। वीडियो के वायरल होने से लोगों में डर की भावना फैल रही थी। पुलिस ने तुरंत वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि वीडियो जहांगीरपुरी इलाके का है।
8 जून को जहांगीरपुरी ई ब्लॉक निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह कंप्यूटर डिजाइनिंग ऑपरेटर का काम करते हैं। 7 जून की रात वह घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे घर के बाहर तेज आवाज सुनी। बाहर आने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात लोगों ने वहां खड़ी तीन दोपहिया गाड़ियों में आग लगा दी थी। जिसमें दो स्कूटी और एक बाइक थी। पुलिस ने संजय के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी सतविंदर सिंह ने कहा कि नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि जनवरी में ईई रोड पर बाइक चलाते समय उसकी गाड़ी गलती से शिकायतकर्ता से टकरा गई थी। टक्कर लगने के बाद उसने थप्पड़ मार दिया था। जिसका उसने बदला लिया है।