साकेत इलाके में दसवीं कक्षा में दाखिला कराने का झांसा देकर 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने चुपचाप उसका गर्भपात भी करा दिया। पीड़िता की तबीयत खराब रहने लगी।
मां ने उससे पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हुआ। बाद में मामले की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने, जान से मारने की धमकी देने व पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपनी मां व भाई के साथ संगम विहार में रहती है। पीड़िता नौंवी कक्षा की छात्रा है। किसी वजह से उसकी पढ़ाई छूट गई थी और उसका साल खराब हो गया था। पीड़िता की मां ने अपने एक जानकार से कहकर पीड़िता का दोबारा नौंवी कक्षा में दाखिला करवा दिया।
लेकिन पीड़िता दसवीं कक्षा में दाखिला चाहती थी। इसके लिए ऋषिपाल से बात की तो उसने प्राइवेट दसवीं कराने के लिए कहा। एडमिशन का झांसा देकर आरोपी पीड़िता को साकेत इलाके में बुलाने लगा। आरोप है कि एक दिन आरोपी ने जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
किसी को कुछ भी बताने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इधर पीड़िता गर्भवती हुई तो उसने बात आरोपी को बताई। आरोपी उसे एक महिला डॉक्टर के पास ले गया। बाद में ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 में एक क्लीनिक ले जाकर उसका गर्भपात करवा दिया।
इधर इसके बाद भी पीड़िता की तबीयत खराब रहने लगी। एक दिन मां ने उससे पूछताछ की तो पीड़िता ने सारी बात अपनी मां को बताई। बेटी के साथ हुई वारदात का पता चलते ही मां की तबीयत खराब हो गई। उसके बाद भी परिवार ने पुलिस को सूचना नही दी।
पीड़िता की मां ने अपनी एक सहेली से घटना का जिक्र किया तो उसने पुलिस से शिकायत करने के लिए कहा। चार अक्तूबर को मामले की शिकायत पुलिस से की गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।