शरारती लड़कियों के गैंग ने रविवार को नेहरू ग्राउंड स्थित एक कंप्यूटर शॉप में दिनदहाड़े सेंधमारी कर करीब एक लाख रुपये का सामान गायब कर दिया। सोमवार को दुकान खोलने आए मालिक को चोरी का पता चला।
सीसीटीवी फुटेज में नौ से पंद्रह साल उम्र की चार लड़कियां शरारत करते हुए कैद हुईं। दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस इन नाबालिग लड़कियो की तलाश कर रही है।
नेहरू ग्राउंड बाजार में मनोज कुमार की प्रथम तल पर लाइट कंप्यूटर्स के नाम से साइबर गुड्स की दुकान है। रविवार को बाजार बंद थी। सोमवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो पाया कि शटर में लगी जाली थोड़ी सी कटी हुई है।
शटर उठा कर अंदर पहुंचे तो पाया कि पि्रंटर, यूपीएस, एसएमपीएस सहित करीब एक लाख रुपये का सामान गायब है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की।
फुटेज में पाया कि रविवार सुबह 10:30 बजे नौ से पंद्रह साल उम्र की चार लड़कियां सीढ़ी चढ़कर उनकी दुकान के सामने पहुंचीं। इनमें से दो लड़कियों ने शटर में लगी जाली काट कर मोड़ दी।
इसके बाद दो छोटी बच्चियां दुकान के अंदर घुस गईं। एक लड़की सीढ़ियों पर बैठ गई जबकि दूसरी लड़की नीचे से आनेजाने वालों की निगरानी करती रही। अंदर घुसी बच्चियों ने यूपीएस, पि्रंटर आदि समेत काफी सामान बाहर निकाल दिया।
इसके बाद दोनों बाहर आ गईं। सभी बच्चियां धीरे धीरे कर सामान उतार ले गईं। एसएचओ कोतवाली भरत कुमार ने बताया कि दुकान से कंप्यूटर का सामान निकालने वाली शरारती बच्चियों की तलाश की जा रही है।
कौन ले गया सामान
सीसीटीवी फुटेज में तो सिर्फ बच्चियों को सामान निकालते और सीढ़ी से उतार कर ले जाते दिखाया गया है। दो यूपीएस, 15-16 एसएमपीएस आदि ढेर सारा भारी सामान चार बच्चियां ज्यादा दूर तक ढो कर नहीं ले जा सकती थीं।
पुलिस का अनुमान है कि बच्चियां यह सामान किसी रिक्शे, रेहड़ी या वाहन में रख कर ले गई होंगी। माना जा रहा है कि बच्चियों को कोई गाइड कर रहा होगा।
कूड़ा बीनने वाली लग रही हैं बच्चियां
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में दिख रही चारों बच्चियां मलिन बस्तियों में रहने वाली और सड़क पर कूड़ा बीनने वाली लग रही हैं। एसएचओ कोतवाली ने बताया कि बच्चियों की पहचान और तलाश की कोशिश की जा रही है।