पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट अब रफ्तार भरते नजर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री का दायित्व मिलने के बाद स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पश्चिम उत्तर प्रदेश के 14 प्रोजेक्ट का काम समय पर पूरे कराने की है।
विशेष तौर पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से जुड़े कामों पर उनकी खास नजर रहेगी। सोमवार को मंत्रालय व नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई ) के अधिकारियों साथ इस बारे में बैठक होनी है, जिसमें चर्चा होगी कि किस तरह एक्सप्रेस-वे का काम दिसंबर 2019 तक पूरा किया जाए।
राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि सरकार ने उन्हें बड़ा दायित्व दिया है। आने वाला समय देश के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि तरक्की के लिहाज से सरकार बड़ा सड़क नेटवर्क खड़ा करने की दिशा में काम कर रही है। इसमें कुछ प्रोजेक्ट इसी वर्ष पूरे होने हैं तो कुछ प्रोजेक्ट आने वाले दो वर्ष में पूरा किया जाएंगे।
सरकार की तरफ से मंत्री के तौर पर कोशिश रहेगी कि पुराने प्रोजेक्ट निर्धारित समय अवधि में पूरे किए जाएं। राज्यमंत्री का कहना है उनकी जानकारी के अनुसार 14 बड़े प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार की तरफ से एनएचएआई पहले से काम कर रही है।
कई प्रोजेक्ट पर तेजी से निर्माण चल रहा है तो कुछ का काम जल्द शुरू होना है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे (डीएमई) और बुलंदशहर- हापुड़ हाईवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिहाज से काफी बड़ा प्रोजेक्ट है।
इससे पश्चिम में विकास को गति मिलेगी। इसलिए अब सरकार की तरफ से मंत्री होने के कारण मेरी पहली प्राथमिकता होगी कि प्रोजेक्ट का काम निर्धारित अवधि में पूरा हो। तीसरे चरण (डासना-हापुड़) का काम भी आखिरी स्टेज पर है।
जल्द ही इस पर वाहन दौड़ सकेंगे। दूसरे चरण में डासना से यूपी गेट और चौथे चरण (डासना- मेरठ) में भी तेजी से काम चल रहा है। चौथे चरण में जमीन संबंधित विवाद को भी जल्द सुलझा लिया जाएगा।
ये हैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट संख्या लंबाई संभावित लागत पूरा होने की तिथि
लोनी-बड़ौत-शामली 709 बी 61.409 726 अप्रैल 2020
शामली- सहारनपुर 709 बी 62.772 779 अप्रैल 2020
मेरठ-बागपत-सोनीपत 334 बी 47.00 240 जुलाई 2020
गढ़मुक्तेश्वर -मेरठ 709 ए 47.00 1500 जून 2021
मेरठ- करनाल 709 ए 85.00 500 दिसंबर 2020
पानीपत-शामली-बिजनौर 709 एडी 132.00 3500 जुलाई 2021
नगीना
मेरठ- नजीबाबाद 119 96.00 1700 जुलाई 2010
मेरठ-बुलंदशहर 235 61.19 1800 सितंबर 2019
रुड़की-छुटमलपुर-गागलहैडी 72 ए 53.00 942 फरवरी 2020
गागलहैरी-सहारनपुर-दिल्ली 73 51.50 1184 फरवरी 2020
यूपी गेट - डासना डीएमई -2 19.20 2500 जून 2020
डासना-हापुड़ डीएमई-3 22.30 1200 जून 2019
डासना-मेरठ डीएमई- 4 32.00 2300 दिसंबर 2019
मेरठ कनेक्टर डीएमई 13.00 600 नवंबर 2020
नोट: लागत करोड़ रुपये में और लंबाई किमी में है।