एनएमआरसी बोर्ड की ओर से ग्रेनो वेस्ट के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई। अब इसे शासन को भेजा जाएगा। दरअसल, नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक 14.96 किलोमीटर की मेट्रो रेल परियोजना की डीपीआर नोएडा प्राधिकरण वर्ष 2016 में बोर्ड की मंजूरी के बाद उत्तर प्रदेश शासन को भेजी गई थी। वहीं, 2 दिसंबर को ग्रेनो प्राधिकरण की बैठक में इस परियोजना को अनुमति प्रदान करते हुए 2682 करोड़ की मेट्रो रेल परियोजना की संस्तुति दी गई है। साथ ही, एनएमआरसी को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है।
पीएसी के हाथों में होगी सुरक्षा व्यवस्था
उत्तर प्रदेश शासन की ओर से ग्रेनो मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी 49वीं वाहिनी पीएसी को दी गई है। वहीं, कुछ प्राइवेट सुरक्षाकर्मी भी लगाए जाएंगे। इनका प्रशिक्षण सीआइएसएफ से कराया जा रहा है। सुरक्षा बलों के आवास के लिए एनएमआरसी नियमित आवासीय भवनों को खरीदेगा। इनका वेतन राज्य सरकार देगी। आधारभूत सुविधाओं पर होने वाला खर्च राज्य सरकार और ग्रेनो प्राधिकरण करेगा।
कर्मचारियों का वेतन 20 फीसदी बढ़ेगा
एनएमआरसी के करीब 750 नियमित कर्मचारियों का वेतन 20 फीसदी बढ़ेगा। इसके लिए नियमों के आधार पर कमेटी की दी गई संस्तुति को बोर्ड से मंजूरी मिल गई। इसके अलावा एनएमआरसी के शेयर होल्डर्स की एनुअल जनरल मीटिंग भी आज हुई। इसमें भारत सरकार के अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा के शेयर होल्डर शामिल हुए।