जैतपुर: जैतपुर में छठ घाट में पानी भरने से आठ वर्षीय बच्चे हुसनैन की मौत हो गई। सौरभ विहार, जैतपुर निवासी मतीन दोपहर करीब एक बजे जैतपुर थाने में पहुंचा और बताया कि उसका आठ वर्ष का बेटा हुसनैन गायब है। तलाशी के दौरान सौरभ विहार में बने छठ घाट से बच्चे का शव निकाला गया।
फिसलकर खंभे से टकराया, मौत
जहांगीरपुरी: जहांगीरपुरी इलाके में दूध लेने जा रहा 56 वर्षीय शख्स फसलकर बिजली के खंभे से टकरा गया। इससे उसकी मौत हो गई। जहांगीरपुरी बी ब्लॉक निवासी हैदर अली के परिवार वालों के मुताबिक सुबह वह दूध लेने निकले थे। काफी देर तक नहीं लौटे तो उनकी तलाश की गई। वह एक बिजली के खंभे के पास अचेत पड़े थे। उनके सिर में चोट के निशान थे। जांच में पता चला कि बारिश की वजह से खंभे के पास फिसलन थी और वह फिसलने के बाद खंभे से टकरा गए। इससे सिर में गभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
फिसलकर पानी में गिरा, जान गई
अमर कॉलोनी: अमर कॉलोनी के श्रीनिवासपुरी इलाके में इंदिरा गांधी कैंप में 28 वर्षीय जलील कबाड़ी की दुकान पर काम करता था। सुबह करीब 11 बजे वह फिसल कर पानी में गिर गया और अचेत हो गया। पुलिस उसे एम्स ले गई जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का मानना है कि शरीर के अंदर पानी जाने से जलील की मौत हुई है।
दिल्ली में रविवार को बारिश के बाद हुए जलभराव में डूबने से उत्तराखंड निवासी कुंदन की मौत हो गई। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने उप राज्यपाल अनिल बैजल से घटना के बाद फोन पर बात की।
वहीं उन्होंने पत्र लिखकर भी परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का अनुरोध किया है। अनिल बलूनी बताया कि उनकी पहल पर उप राज्यपाल अनिल बैजल ने परिवार की मदद की दिशा में कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के नौताश निवासी कुंदन सिंह दिल्ली में रहकर मालवाहक वाहन चलाकर परिवार चलाते थे। रविवार की सुबह मिंटो रोड ब्रिज पर हुए जलभराव के दौरान एक मालवाहक वाहन चालक सहित पानी में डूब गया, जिसमें कुंदन सिंह मौत हो गयी।
हादसे की खबर मिलते ही बलूनी ने परिवार की माली हालत के बारे में जानकारी ली। पता चला कि कुंदन परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। जिस पर भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने उप राज्यपाल अनिल बैजल से फोन पर बात करने के बाद परिवार की मदद के लिए पत्र लिखा।