फिल्मों में आने वाले सुसाइड सीन बच्चों के लिए कितने खतरनाक हो सकते है। रील लाइफ को रियल लाइफ में अपनाने के चक्कर में गुड़गांव में एक किशोर की जान चली गई।
घटना की जानकारी उसकी भानजी ने दी। जब तक लोग पहुंचते किशोर की मौत हो चुकी थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसमें आस-पड़ोसियों के अलावा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यूपी के इटावा निवासी धर्मसिंह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ जल विहार में किराये पर रहते है। वह निजी कंपनी में नौकरी करते है। पुलिस के मुताबिक कुछ महीनों पहले वे अपने 14 वर्षीय साले अतुल को गुड़गांव लेकर आए जिसके बाद से वह उन्हीं के साथ रह रहा था।
बुधवार को दंपत्ति के काम पर चले जाने के बाद अतुल अपनी दस वर्षीय भानजी के साथ घर पर ही थी। दोनों टीवी पर फिल्म देख रहे थे। फिल्म में अचानक फांसी लगाने के आए सीन को देखकर अतुल बैड पर कुर्सी रखकर अपनी दीदी की चुन्नी को छत पर लगे हुक में डालकर फंदा बना लिया।
दोनों मजे-मजे यह कर रहे थे लेकिन अचानक अतुल ने फंदे में अपना सिर डालकर लटक गया। किशोर के छटपटाने पर बच्ची बुरी तरह डर गई और उसने पड़ोस में रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी दी। जबतक लोग भागकर यहां पहुंचते किशोर की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच कर रहे एसआई नवीन के मुताबिक किशोर मानसिक रूप से भी थोड़ा विक्षिप्त था।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गुरूवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।