एक हजार रुपये शुल्क का भुगतान कर सिस्टम में कर सकेंगे एंट्री, कुछ कोर्सेज में अभी भी सीटें खाली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक के दाखिले में अब तक दाखिला लेने से चूके छात्रों के लिए राहत की खबर है। अब तक दाखिला नहीं ले पाए छात्र कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस-2025) में मिड एंट्री लेकर दाखिला प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। ऐसे छात्रों के लिए आज से खाली सीटों के साथ-साथ मिड एंट्री खुलने जा रही है। आवेदन करने के लिए लिए उन्हें एक हजार रुपये का भुगतना करना होगा।
डीयू शुक्रवार को शाम पांच बजे खाली सीटों की जानकारी दाखिला वेबसाइट पर प्रदर्शित करेगा। इसके साथ ही मिड एंट्री के लिए आवेदन करने की विंडो भी खुल जाएगी। इच्छुक छात्र 10 अगस्त शाम 4:59 मिनट तक मिड एंट्री के लिए आवेदन कर सकते हैं। डीयू में दाखिले के दो राउंड संपन्न हो चुके हैं। इसके बाद भी साइंस व बीकॉम में कुछ कॉलेजों में सीटें खाली हैं। ज्यादातर सीटें आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में खाली हैं। ऐसे में अन्य छात्रों को भी दाखिले का अवसर मिल सके, इसके लिए मिड एंट्री को खोला जा रहा है।
इसमें ऐसे छात्रों को आवेदन करने का मौका मिलेगा जो कि सीएसएएस में आवेदन नहीं कर सके थे। छात्रों को खाली सीटों को देखकर अपनी वरीयताएं ध्यान से तय करनी होगी मिड एंट्री के आधार पर दाखिले का तीसरा राउंड अगले सप्ताह शुरू होगा। इसके तहत तीसरी सीट आवंटन सूची व प्रदर्शन आधारित प्रोग्राम( संगीत, बैचलर ऑफ फाइन आट्र्स, शारीरिक शिक्षा, व वार्ड कोटा के लिए पहली सीट आवंटन सूची जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर छात्रों को 13 से 17 अगस्त तक अपनी आवंटित सीट को स्वीकार करने का अवसर मिलेगा जबकि वह 19 अगस्त तक फीस का भुगतान कर सकेंगे। मालूम हो कि दो सीट आवंटन के बाद स्नातक की कुल 71, 624 सीटों पर अब तक 70 हजार से अधिक दाखिले हो चुके हैं जबकि 35, 889 से अधिक छात्र अपनी आवंटित सीट से संतुष्ट होकर उसे फ्रीज कर चुके हैं।