आईटी क्षेत्र में विश्व की नामी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ग्रेटर नोएडा या यीडा सिटी में 100 एकड़ एरिया में अपना कैंपस बनाने की तैयारी कर रही है। यहां निवेश के लिए कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी हुई। खुद मंत्री ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। कंपनी के प्रतिनिधि दोनों प्राधिकरणों के भी संपर्क में हैं। कंपनी यहां निवेश करती है तो इस एरिया में बड़े पैमाने पर रोजगार की संभावना बढ़ जाएगी।
नोएडा एयरपोर्ट के चलते बड़े पैमाने पर देश की और विदेशों की बड़ी कंपनियां नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण के एरिया में निवेश करना चाह रही हैं। ये कंपनियां प्रदेश सरकार के साथ ही तीनों प्राधिकरणों से भी संपर्क साध रही हैं। इसी कड़ी में अब माइक्रोसॉफ्ट का भी नाम जुड़ गया है। कंपनी करीब 100 एकड़ जमीन लेना चाह रही है। वह इस प्लांट को रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित करना चाहती है। कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने ट्वीट कर बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कंपनी के प्रतिनिधियों से बात हुई है। प्रदेश सरकार उनका स्वागत करती है।
उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेेश सरकार की तरफ से अमेरिका में किए गए वर्चुअल रोड शो का नतीजा है। वहीं, जानकार बताते हैं कि अगर माइक्रोसॉफ्ट कंपनी यहां प्लांट लगाती है तो यह न सिर्फ इस जिले के लिए बल्कि प्रदेश के लिए बहुत बड़ा निवेश होगा। सूत्र बताते हैं कि कंपनी का झुकाव इससे पहले चीन की तरफ था, लेकिन कोरोना संकट के चलते कंपनी ने भारत की तरफ रुख किया है। इससे पहले ग्रेटर नोएडा में विप्रो और एनआईआईटी के रिसर्च सेंटर हैं। माइक्रोसॉफ्ट का आना ग्रेनो के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।