दिल्ली मेट्रो की निर्माणाधीन पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) कॉरिडोर पर शुक्रवार से साउथ कैंपस के दुर्गाबाई देशमुख और मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशनों के बीच 20 किमी के दायरे में ट्रायल रन शुरू हो गया। इस ट्रायल में पिंक लाइन पर चलाई जाने वाली ड्राइवरलेस हाईटेक ट्रेनों की तकनीकी गुणवत्ता का परीक्षण होना है।
डीएमआरसी के मुताबिक, इस लाइन पर चलाई जाने वाली ट्रेनें पूर्ण रूप से स्वचालित होंगी। ये ट्रेनें ऐसी तकनीक से तैयार की गई हैं, जिनका सिग्नलिंग सिस्टम करीब 90 से 100 सेकेंड की आवृत्ति के साथ ट्रेनों की आवाजाही को सक्षम करेगा। सिस्टम के परीक्षण की सफलता से दिल्ली मेट्रो प्रणाली में यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी। इसके साथ ही यह पहला ऐसा ट्रायल है जिसमें एक बार में 20 किलोमीटर का दायरा तय किया जा रहा है।
इस कॉरिडोर पर मायापुरी और शकूरपुर के बीच करीब साढ़े 6 किमी के दायरे में जून में ट्रायल रन शुरू किया गया था। इतना ही नहीं पिछले महीने पहली बार एक मेट्रो ने दिल्ली मेट्रो प्रणाली के तहत सबसे ऊंची ऊंचाई वाली जगह धौलाकुआं को सुरक्षित तरीके से पार किया था। इस ट्रायल के शुरू होने के साथ, दिल्ली मेट्रो के धौलाकुआं में 23.6 मीटर (लगभग सात मंजिला इमारत के बराबर ऊंचाई) ऊंचाई पर उच्चतम बिंदु पर भी मेट्रो का ट्रायल रन जल्द नियमित रूप से शुरू हो जाएगा।
इन स्टेशनों के बीच होगा इंटरचेंज
demo pic
दिल्ली मेट्रो के इस ट्रायल फेज में मजलिस पार्क से साउथ कैंपस के दुर्गाबाई देशमुख (धौलाकुआं के नजदीक) मेट्रो स्टेशनों के बीच 12 स्टेशनों पर ट्रेनों का परीक्षण किया जा रहा है। 20 किमी के इस दायरे में 8 स्टेशन बाहरी हैं जबकि 4 स्टेशन भूमिगत हैं। इस परीक्षण क्षेत्र के बीच 4 इंटरचेंज हैं।
1. धौला कुंआ से दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस पर फुटओवर ब्रिज के जरिये एयरपोर्ट लाइन से जुड़ सकेंगे।
2. राजौरी गार्डन स्टेशन पर द्वारका-नोएडा/वैशाली ब्लू लाइन के लिए ट्रेन बदल सकेंगे।
3. नेताजी सुभाष प्लेस स्टेशन पर दिलशाद गार्डन-रिठाला रेड लाइन के लिए इंटरचेंज होगा।
4. आजादपुर मेट्रो स्टेशन पर हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली येलो लाईन के लिए इंटरचेंज होगा।
मजसिल पार्क से शिव विहार के बीच सबसे लम्बा रिंग रोड कॉरिडोर तैयार किया जाएगा
demo pic
दिल्ली मेट्रो के इस फेज में पिंक लाईन पर मजसिल पार्क से शिव विहार के बीच 59 किमी का दिल्ली का सबसे लम्बा रिंग रोड कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। परीक्षण किए जा रहे दायरे पर दुर्गाबाई देशमुख मेट्रो स्टेशन और मजलिस पार्क के बीच दिसंबर 2017 तक मेट्रो सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाने का अनुमान है। वहीं इस कॉरिडोर के दो अन्य सेक्शन दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस से मयूर विहार पॉकेट-1 और त्रिलोकपुरी से शिवविहार के बीच मार्च 2018 तक काम पूरा हो जाने का अनुमान है।
जनकपुरी पश्चिम-बॉटेनिकल गार्डन मजेंटा लाईन कॉरिडोर पर बॉटेनिकल गार्डन से कालकाजी मंदिर और जनकपुरी वेस्ट-टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट स्टेशनों पर भी सिग्नल ट्रायल का कार्य प्रगति पर है। बौटेनिकल गार्डन और कालकाजी मंदिर के बीच अक्टूबर माह के अंत में मेट्रो ट्रेन सिग्नल का ट्रायल रन शुरू होने की संभावना है।