डीएमआरसी फरीदाबाद कॉरिडोर के स्टेशनों पर व्यवयायिक गतिविधियां शुरू कर आमदनी बढ़ाने में जुट गया है। नीलम चौक अजरौंदा, सेक्टर 28 और सराय के बाद फरीदाबाद ओल्ड मेट्रो स्टेशन पर व्यवसायिक गतिविधियों की तैयारी शुरू कर दी गई हैं।
मालूम हो कि डीएमआरसी ने फरीदाबाद कॉरिडोर पर प्रतिदिन 1.94 लाख यात्री चलने का अनुमान लगाया था। एक माह बीतने के बावजूद यात्रियों की संख्या अनुमान की 25 फीसदी भी नहीं पहुंच पाई है।
इसको देखते हुए डीएमआरसी ने दूसरे साधनों ने कमाई बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। फरीदाबाद ओल्ड मेट्रो स्टेशन पर भूतल और कॉनकोर्स तल पर डीएमआरसी 4680 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यवसायिक गतिविधियां की जाएंगी।
अभी तक डीएमआरसी ने नीलम चौक अजरौंदा, सराय ख्वाजा और सेक्टर 28 मेट्रो स्टेशन पर व्यवसायिक गतिविधियां शुरू करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की थी।
नीलम चौक अजरौंदा मेट्रो स्टेशन पर 2771 वर्गमीटर, सेक्टर 28 मेट्रो स्टेशन पर 1185 वर्गमीटर और सराय ख्वाजा मेट्रो स्टेशन पर 10,862 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यवसायिक गतिविधियां होंगी।
डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि फरीदाबाद मे सभी मेट्रो स्टेशनों पर प्रॉपर्टी डेवेलपमेंट के लिए जगह रिजर्व रखी गई है। जल्द ही इन जगहों पर कमर्शियल गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी।