सात सितंबर से चरणों में मेट्रो सेवाएं शुरू होने की संभावना है। कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी को देखते हुए हो सकता है कि चरणों में अलग अलग लाइनों पर मेट्रो सेवाएं शुरू की जाएं। मेट्रो सेवाएं शुरू होने पर यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से सभी एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।
बावजूद इसके अगर एक साथ सभी लाइनों पर मेट्रो दौडने लगी तो यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। सूत्रों का कहना है कि अलग अलग लाइन पर यात्रियों की संख्या, कंटेनमेंट जोन सहित अन्य पहलुओं को देखते हुए चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं शुरू की जाएंगी।
एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित दिल्ली मेट्रो की कुल 10 लाइन हैं। सभी रूट पर यात्रियों की संख्या, संक्रमण की स्थिति सहित अन्य पहलुओं को मंथन चल रहा है। हाल ही में दिल्ली के परिवहन मंत्री ने भी मेट्रो स्टेशनों की सूची तैयार किए जाने की बात कही थी, जहां यात्री सेवाएं मुहैया की जाएंगी। फिलहाल एयरपोर्ट लाइन पर यात्रियों की कम संख्या को देखते हुए फ्रिक्वेंसी में भी बदलाव किए जा सकते हैं।
मेट्रो के लिए स्टेशन के इर्द गिर्द की जा रही है तैयारी
मेट्रो सेवाओं की शुरुआत से पहले स्टेशनों के आसपास मरम्मत और साफ सफाई का काम किया जा रहा है। सेवाएं शुरू होने पर यात्रियों को परेशानी न आए, इसके लिए यात्री सुविधाओं को दुरस्त किया जा रहा है। सेक्टर-10 मेट्रो स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर टाइल्स लगाए जा रहे हैं तो ई रिक्शा, ऑटो और टैक्सी चालक भी ब्रेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।