दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर शुक्रवार सुबह मेट्रो सेवा शुरू होते ही तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गई। तकनीकी खराबी के कारण शाहदरा मेट्रो स्टेशन को सुबह 5.30 बजे के बजाए 6.15 बजे यात्रियों के लिए खोला गया, लेकिन इस बीच मेट्रो की धीमी गति के कारण यात्रियों को कई घंटे बेहाल होना पड़ा। खास तौर पर पीक ऑवर्स में यात्रियों को रेड लाइन ने खूब रुलाया।
जानकारी के अनुसार, दिलशाद गार्डन से रिठाला सेक्शन पर मेट्रो सेवा सुबह 5.30 बजे शुरू होती है, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे शाहदरा निवासी वरुण मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे, लेकिन सीआईएसएफ के जवानों ने मेट्रो स्टेशन में प्रवेश नहीं करने दिया। वरुण ने बताया कि इस बीच स्टेशन पर लाइन में तकनीकी खराबी की उदघोषणा की जा रही थी।
इसके बाद वह मेट्रो स्टेशन से वापस लौट गए। उन्होंने बताया कि शाहदरा से पहली मेट्रो 5 बजकर 37 मिनट पर चलती है। इसके बावजूद मेट्रो स्टेशन नहीं खोला गया, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके बाद करीब सवा छह बजे तक मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी तो सीआईएसएफ कर्मियों ने यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश करने दिया। इसके बाद जो मेट्रो शाहदरा पहुंची, वह धीमी रफ्तार में आगे बढ़ी और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, दूसरी ओर रिठाला से इंद्रलोक के बीच मेट्रो सेवा काफी ज्यादा प्रभावित होने से यात्रियों को पीक ऑवर्स में अपने दफ्तर पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मेट्रो में तकनीकी खराबी के कारण विलंब की उदघोषणा लगातार जारी रही। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को तकनीकी खराबी की सूचना दी जा रही थी।
मेट्रो में फंसे यात्रियों ने इस बीच सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करके डीएमआरसी पर अपना गुस्सा उतारा। यात्रियों का कहना था कि डीएमआरसी की सेवाएं किराया बढ़ाने के बावजूद दिनोंदिन खराब होती जा रही हैं। यात्रियों की मानें तो सुबह करीब 10 बजे तक मेट्रो सेवा प्रभावित रही।
डीएमआरसी का कहना है कि इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर ओएचई वायर का एक हिस्सा ढीला होने के कारण लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। हालांकि, डीएमआरसी का कहना है कि सुबह करीब 7.15 बजे इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर तकनीकी खराबी पेश आई, जिसे कुछ देर बाद ठीक कर दिया गया।
सेफ्टी ग्रिल के सामने खुले मेट्रो के दरवाजे
रेड लाइन पर शुक्रवार सुबह शुरू हुई तकनीकी खराबी से यात्रियों को छुटकारा मिला तो शाम को करीब सवा पांच बजे कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर लोगों को एक और मुसीबत का सामना करना पड़ा। इस बीच रिठाला की ओर से आई मेट्रो ट्रेन के दरवाजे सेफ्टी ग्रिल के सामने आकर खुल गए, जिससे यात्रियों के लिए ट्रेन में घुसने का रास्ता ही नहीं बचा।