मेट्रो पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने मेट्रो स्टेशनों पर कागज के कतरन को रुपये का बंडल बताकर ठगी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक बैग, लैपटॉप, तीन मोबाइल, किताब और एक कागज के कतरन का बंडल बरामद किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से ठगी के दो मामले सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त विक्रम पोरवाल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बवाना जेजे कॉलोनी निवासी लालबाबू और बिट्टू के रूप में हुई है। 28 सितंबर एक युवक ने प्रगति मैदान थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
उसने बताया कि मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर उससे दो युवक मिले। उन्होंने रुमाल में बंधा हुआ एक बंडल दिखाया और बताया कि इसमें लाखों रुपये हैं। उन लोगों ने रुमाल हटाकर 500 का नोट भी दिखाया और बताया कि रुपये को उन लोगों ने मालिक के घर से चुराया है।
मालिक उनके पीछे लगा हुआ है। युवकों ने पीड़ित को बातों में उलझाकर अपना सामान देकर बंडल रख लेने की बात कही। लालच में आकर पीड़ित ने बंडल रख लिया और अपना बैग, मोबाइल व अन्य सामान युवकों को दे दिया। कुछ देर बाद जब उसने बंडल को खोलकर देखा तो उसमें कागज के कतरन थे। इसी तरह बदमाशों ने कुछ दिन पहले झंडेवालान मेट्रो स्टेशन पर भी एक अन्य पीड़ित के साथ ठगी की थी।
पुलिस ने मामले की जांच करने के दौरान दोनों जगहों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पता चला कि दोनों वारदात में एक ही गैंग के बदमाश शामिल हैं। इसी बीच 29 सितंबर को बदमाशों के मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर होने की जानकारी मिली।
स्पेशल स्टाफ ने वहां दबिश देकर बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह मेट्रो स्टेशन, बस अड्डा और रेलवे स्टेशनों पर वारदात को अंजाम देते हैं।