नोएडा/ गाजियाबाद की ओर से फरीदाबाद व गुड़गांव की ओर आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ राजीव चौक पर कम हो गई है।
आठ दिनों में ही राजीव चौक से एक लाख से अधिक यात्री प्रतिदिन नए खुले मंडी हाउस इंटरचेंज से जुड़ गए हैं। जबकि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से यात्रियों की संख्या में चालीस हजार की गिरावट दर्ज की गयी है।
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की फेस थ्री चरण के तहत टाइम से पहले निर्माण कार्य पूरा करके यात्रियों को समर्पित मंडी हाउस इंटरचेंज यात्रियों को बेहद भा रहा है। पिछले आठ दिनों में मंडी हाउस इंटरचेंज में प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्री जुड़ रहे हैं।
राजीव चौक में कम हो गए यात्री
दिल्ली मेट्रो के इतिहास में अभी तक राजीव चौक इंटरचेंज सबसे अधिक प्रयोग किया जाता था। यहां प्रतिदिन पांच लाख से अधिक यात्री इंटरचेंज का प्रयोग करते थे, जोकि पिछले आठ दिनों में लगभग चार लाख तक पहुंच गए हैं। क्योंकि सीधे एक लाख से अधिक यात्री अब मंडी हाउस इंटरचेंज का प्रयोग करने लगे हैं।
जहांगीरपुरी की ओर से आने वाली येलो लाइन के यात्री, जिन्हें फरीदाबाद की ओर जाना होता है, सीधे राजीव चौक से ब्लू लाइन पकड़कर मंडी हाउस से बदरपुर जाने वाले वायलेट लाइन से जुड़ रहे हैं।
इससे पहले वे केंद्रीय सचिवालय से वायलेट लाइन लेते थे। नेहा, कपिल, ध्रुव आदि यात्रियों के मुताबिक, नई दिल्ली, रोहिणी, नांगलोई व द्वारका की साइड से आने पर वे सीधे मंडी हाउस इंटरचेंज में वायलेट लाइन पकड़ते हैं।
अब मिलने लगी मेट्रो में सीट
मंडी हाउस इंटरचेंज से ट्रेन बनने पर सीट मिलने की सुविधा तो मिली, साथ ही भीड़ की परेशानी से भी निजात मिल गयी है। वहीं मंडी हाउस इंटरचेंज बनने के बाद स्टेशन के रास्ते आने वाले यात्रियों की संख्या में भी 25 हजार से अधिक वृद्धि दर्ज की गयी है।
उधर, केंद्रीय सचिवालय इंटरचेंज में भी लगभग चालीस हजार यात्रियों की संख्या में गिरावट आयी है।
यहां पहले प्रतिदिन दो लाख यात्री इंटरचेंज का प्रयोग करते थे, लेकिन बदरपुर से आने वाली वायलेट लाइन के मंडी हाउस इंटरचेंज से जुड़ने के बाद लगभग चालीस हजार यात्री सीधे मंडी हाउस जा रहे हैं। इस प्रकार यह आंकड़ा अब एक लाख 60 हजार तक रह गया है।
अभी और बढ़ेगा ये आंकड़ा
केंद्रीय सचिवालय से मंडी हाउस इंटरचेंज की साढ़े तीन किलोमीटर लंबी लाइन पर स्थित एकमात्र जनपथ मेट्रो स्टेशन में भी यात्रियों का रुझान बढ़ा है। यहां प्रतिदिन पांच से 13 हजार यात्री जनपथ मार्केट से स्टेशन के माध्यम से वायलेट लाइन से जुड़ रहे हैं।
हालांकि दिसंबर तक यात्रियों का आंकड़ा और अधिक बढ़ेगा। क्योंकि आईटीओ मेट्रो स्टेशन का काम लगभग पूरा होने वाला है।
डीएमआरसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, कम्युनिकेशन अनुज दयाल ने बताया कि एक लाख से अधिक यात्री सीधे मंडी हाउस इंटरचेंज का प्रयोग कर रहे हैं। जबकि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से लगभग चालीस हजार यात्री कम हो गए हैं।