अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एमसीडी ने विशेष अभियान शुरू किया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एमसीडी और उत्तर रेलवे के संयुक्त अभियान के तहत पहले चरण में करीब 75 किलोमीटर रेलवे ट्रैक और उससे सटे क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने के लिए एंटी-लार्वल दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा।
अभियान के तहत रेलवे पटरियों के दोनों ओर निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रेन के साथ पावर स्प्रे टैंकर चलेंगे, जिससे उन स्थानों तक भी दवा पहुंचाई जा सकेगी जहां सामान्य तरीके से पहुंचना मुश्किल होता है। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि लार्वा स्तर पर ही मच्छरों के प्रजनन चक्र को रोकना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
सितंबर 2026 तक चलने वाले अभियान में नई दिल्ली-राठधाना, आदर्श नगर-बादली, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, लाजपत नगर, सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, सफदरजंग, किशनगंज, सदर बाजार, दिल्ली कैंट, पालम-गुड़गांव, फरीदाबाद और ओखला-तुगलकाबाद समेत विभिन्न रेलवे मार्गों को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा। अभियान की निगरानी संबंधित जोनल स्वास्थ्य अधिकारी, उपस्वास्थ्य अधिकारी आदि करेंगे।