पेड़ों पर लाइटें, पार्कों में लगेंगे फव्वारे
सराय काले खां में सेवन वंडर पार्क, पंजाबी बाग के भारत दर्शन पार्क और शहीदी पार्क, आईटीओ के साथ-साथ बाजारों में पेड़ों को लाइटों से सजाया जाएगा। एमसीडी ने कुतुब पार्क, पीवीआर साकेत, जीके-2 एम ब्लॉक मार्केट, वेस्ट टू वंडर पार्क, भारत दर्शन पार्क, शहीदी पार्क आईटीओ, अजमल खान पार्क आदि जैसे कई स्थानों पर पानी के फव्वारे लगाने के लिए भी स्थानों की पहचान की है।
हनुमान मंदिर परिसर में मशीनों से सफाई
एनडीएमसी ने जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारी से जुड़ी योजनाओं को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में एनडीएमसी ने नई दिल्ली में विख्यात हनुमान मंदिर परिसर को साफ-सुंदर बनाए रखने के लिए मशीनों से सफाई करने की शुरुआत की है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने बुधवार को मशीनों से सफाई करने की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने हनुमान मंदिर परिसर के नवीनीकरण के लिए चल रहे कार्य का निरीक्षण किया।
एनडीएमसी का मानना है कि जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हनुमान मंदिर में भी विदेशी मेहमान आ सकते हैं। इस कारण मंदिर परिसर का नवीनीकरण करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर सतीश उपाध्याय ने कहा कि शिखर सम्मेलन के प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए नई दिल्ली क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने का निर्णय लिया गया है। खास तौर पर हनुमान मंदिर परिसर को नया रूप दिया जा रहा है।
मिशन मोड में अधिकारी पूरा करेंगे कार्य
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हमारे देश के लिए बड़े गर्व की बात है। इसलिए अपने सभी संबंधित अधिकारियों को सौंदर्यीकरण के कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सार्वजनिक शौचालयों और सड़कों की रोजाना सफाई सुनिश्चित करें और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण हटाने के साथ महत्वपूर्ण भवनों पर रोशनी, महत्वपूर्ण सड़कों, फ्लाईओवर की मरम्मत मिशन मोड पर पूरा करें।